ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी से गिरी महिला का पैर कटा, टीटीई पर चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप

जबलपुर। सिंगरौली से जबलपुर आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में मंगलवार 9 दिसम्बर की सुबह खन्ना बंजारी रेलवे स्टेशन पर एक गंभीर रेल हादसा हो गया। इसमें मीना सिंह (40), निवासी डबरौहा गांव, थाना ब्योहारी (शहडोल) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का आरोप है कि स्लीपर कोच में टिकट चेकर (टीटीई) ने उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिसके चलते उनका एक पैर कट गया और दूसरे पैर में भी गंभीर चोटें आईं।

 

जानकारी के अनुसार मीना सिंह सुबह लगभग 8 बजे विजय सोता रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 11652 सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। वह मजदूरी के लिए करेली जा रही थीं। घटना तब हुई जब ट्रेन खन्ना बंजारी स्टेशन पर पहुंची। आरोप है कि टीटीई ने टिकट जांच के दौरान विवाद होने पर उन्हें धक्का दिया, जिसके चलते वे नीचे गिर गईं और ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गईं।हादसे के बाद स्टेशन पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल महिला को तत्काल बरही अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया।

 

रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मामले की जांच शुरू कर दी है। टीटीई पर लगे आरोपों की पुष्टि के लिए प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज की तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button