दो ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

सामुदायिक भवन ग्रामीणों के लिए बनेगा सामाजिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केन्द्र- राज्यमंत्री राधा सिंह
सिंगरौली/चितरंगी। चितरंगी विधायक एवं राज्य मंत्री राधा सिंह ने ग्राम पंचायत अजगुढ एवं बगैया में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में विकास कार्यों की शुरुआत की गई।

राज्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित सामुदायिक भवन ग्रामवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होंगे। इससे ग्रामीणों को एक सुविधायुक्त स्थान मिलेगा, जहां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन आसानी से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निर्माण कार्य गांवों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और इससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्यों को गति मिलती है। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर खुशी जताई।













