कोयला ढोने वाली मालगाड़ी की चपेट में आने से मवेशियों की मौत, ग्रामीणों में रोष

सिंगरौली। जिले के ग्राम टूसाखांड के पास सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन से चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। मवेशियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी कोयला ले जा रही मालगाड़ी उन्हें कुचलती हुई निकल गई। यह रेलवे ट्रैक एनसीएल की कोयला खदानों से छत्तीसगढ़ स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट तक कोयला पहुँचाने के लिए प्रयोग किया जाता है। मालगाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि मवेशियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद ग्रामीण रमेश कुमार सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और घायल मवेशियों को ट्रैक से हटाकर इलाज के लिए गांव ले गए। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर पहुंची और घायल मवेशियों का उपचार शुरू किया।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर मवेशियों और लोगों की आवाजाही आम है, लेकिन रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने ट्रैक के आसपास फेंसिंग और अन्य सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोक जा सकें और बेजुबान जानवरों की जान बचाई जा सके।











