“पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय” रैली से गूंजा शक्तिनगर, शिक्षा जागरूकता का संदेश

शक्तिनगर;सिंगरौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के “पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय” अभियान के तहत एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर में भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को कुलपति प्रो. आनंद त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एनटीपीसी सिंगरौली प्रबंधन और एनसीएल के अधिकारियों की भी सहभागिता रही।
रैली नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए शिक्षा के महत्व का संदेश देती रही। छात्रों ने नारों के माध्यम से उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया, विशेषकर दूरस्थ व आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं को विश्वविद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कुलपति ने एनटीपीसी शक्तिनगर कैंपस का निरीक्षण कर छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने, रोजगारपरक पाठ्यक्रम बढ़ाने और सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। छात्रावास, परिवहन और संसाधनों की जरूरतों को लेकर भी सुझाव लिए गए।उन्होंने बताया कि सीएसआर के तहत छात्राओं के लिए बस सुविधा शुरू की गई है और भविष्य में कंप्यूटर लैब व स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही उद्योगों से शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की अपील की गई।













