बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का आयोजन कर किया गया जागरूक

सिंगरौली -कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी मिशन समन्वयक मीनाक्षी त्रिपाठी द्वारा बैढ़न सिंगरौली में किया गया । कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण हरिजन बस्ती में महिलाओं , किशोरी बालिकाओं और बच्चों को हेल्पलाइन नंबर, पोक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिलाओं के अधिकारों और कानूनों,घरेलू हिंसा आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह को समाप्त करना, इसकी रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाना, जनपद में बाल विवाह की रिपोर्टिंग बढ़ाना और बाल अधिकारों के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाना है।
अभियान के दौरान बालक-बालिकाओं को समझाया गया कि उनके क्या अधिकार है, जैसे जीने का अधिकार, विकास का अधिकार, सुरक्षा का अधिकार, सहभागिता का अधिकार और उन्हें अपने अधिकारों का उपयोग कैसे करना है के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि अपने आप को सुरक्षित रखने के लिए क्या सतर्कता ज़रूरी है, इस विषय में जानकारी दी गई। साथ ही शिक्षा का महत्व और जीवन में इसका महत्व समझाया गया।
बाल विवाह से बालक एवं बालिकाओं होने वाले नुक़सान को रोकने का प्रयास, यौन शोषण दुर्व्यवहार को रोकना, पॉक्सो अधिनियम यौन अपराध से बच्चों का निवारण अधिनियम 2012, गुड टच, बेड टच के बारे में बच्चो से बात की गई। इसी प्रकार बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 जो कि बच्चों को किसी भी मुसीबत में सहायता प्रदान करते हैं और यदि कोई बच्चा मुसीबत में फँसा है तो उसे तुरंत इस पर मदद के लिए सूचित करने के बारे में विस्तार से समझाइश दी गई ।











