बारात गए ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कुएं में मिला शव
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सिंगरौली- जिले के सरई थाना अंतर्गत बरका चौकी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ गन्नई गांव के लाली महुआरी टोला में बारात लेकर आए एक 18 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में कुएं में मिला है। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार साहू पिता श्री राम साहू, निवासी ग्राम मझिगवां (थाना बरगवां) के रूप में हुई है।
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।
मृतक कृष्ण कुमार पेशे से ड्राइवर था और मकरी गांव से बारात लेकर आया था। शुक्रवार को उसका शव कुएं में मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं, जो किसी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं।
शव की स्थिति खड़ा कर रही है सवाल
मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं जो मौत की गुत्थी को उलझा रहे हैं। सामान्यतः पानी में डूबने के बाद शरीर फूल जाता है, लेकिन युवक का शरीर सामान्य दिख रहा है।
सूत्रों के अनुसार कुएं में युवक के डूबने तक पर्याप्त पानी था, इसके बावजूद शरीर की स्थिति देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक ने पानी नहीं पिया है। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर दिख रहे निशानों ने पुलिसिया जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बरका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस बारात में आए अन्य लोगों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।













