देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दुनियाभर में ठप हुई एक्स की सेवाएं, यूजर्स को लॉगिन और फीड लोड होने में परेशानी

 

नई दिल्ली। अरबपति कारोबारी Elon Musk के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की सेवाएं बुधवार सुबह अचानक प्रभावित हो गईं। दुनिया के कई देशों से यूजर्स ने ऐप, वेबसाइट और फीड लोड होने में दिक्कतों की शिकायत दर्ज कराई, जिससे लाखों उपयोगकर्ता प्रभावित हुए।

आउटेज मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्मों के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे शिकायतों में अचानक तेजी आई। सबसे अधिक समस्याएं मोबाइल ऐप पर दर्ज की गईं, जहां बड़ी संख्या में यूजर्स लॉगिन नहीं कर पा रहे थे। इसके अलावा फीड और टाइमलाइन अपडेट नहीं होने तथा वेबसाइट एक्सेस करने में भी परेशानी सामने आई।

बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटों के भीतर यह दूसरी बार है जब एक्स की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इससे पहले मंगलवार शाम को भी कई देशों के उपयोगकर्ताओं ने प्लेटफॉर्म पर तकनीकी समस्याओं की सूचना दी थी।

एक्स को इससे पहले भी कई बार वैश्विक आउटेज का सामना करना पड़ चुका है। मई में भारत समेत कई देशों में यूजर्स नई पोस्ट देखने, अकाउंट लॉगिन करने और कंटेंट लोड करने में असमर्थ रहे थे। वहीं फरवरी में भी एक बड़े तकनीकी व्यवधान के कारण भारत, अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों में हजारों शिकायतें दर्ज की गई थीं।

तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर बढ़ते ट्रैफिक, सर्वर संबंधी दिक्कतों या नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में आई समस्या के कारण इस तरह की रुकावटें सामने आती हैं। हालांकि ताजा आउटेज के कारणों को लेकर कंपनी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि हाल ही में Facebook और Instagram की सेवाएं भी कई देशों में प्रभावित हुई थीं, जहां यूजर्स को फीड रिफ्रेश होने और कंटेंट लोडिंग से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा था।फिलहाल एक्स की तकनीकी टीम सेवा बहाल करने में जुटी हुई है और प्रभावित यूजर्स स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button