दिव्यांगजन जागरूकता के लिए सिंगरौली में दो दिवसीय कार्यशाला, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

सिंगरौली। जिला सिंगरौली बधिर संगठन एवं समिति द्वारा दिव्यांगजनों के अधिकारों और सांकेतिक भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 22 एवं 23 जून 2026 को आयोजित होगी, जिसमें पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2026 और मूक-बधिर व्यक्तियों से संवाद की प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
संगठन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ को मूक-बधिरों की भाषा एवं उनके अधिकारों के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं जिला प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण की अनुमति के बाद प्रशासनिक अमले एवं जनप्रतिनिधियों के लिए भी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
कार्यशालाओं का संचालन देश के प्रसिद्ध दिव्यांग पुनर्वास विशेषज्ञ ज्ञानेंद्र पुरोहित द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा शासकीय सेवाओं को उनके लिए अधिक सुगम और प्रभावी बनाना है।
जिला सिंगरौली बधिर संगठन के सामान्य सचिव सोनू साहू ने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से दिव्यांगजन अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरूकता का प्रयास किया जाएगा। संगठन ने मीडिया से भी कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और कवरेज की अपील की है।आयोजकों का मानना है कि इस पहल से दिव्यांगजनों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा तथा उनके अधिकारों और सुविधाओं के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता बढ़ेगी।













