श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’ ने मचाई सनसनी, राष्ट्रीय पुरस्कार की चर्चा तेज

मुंबई। फिल्म स्त्री-2 की सफलता के बाद अभिनेत्री श्रद्धा कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। इस बार वह महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी एवं तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित बायोपिक ‘ईथा’ में नजर आएंगी। फिल्म का टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है और दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
टीजर में श्रद्धा कपूर का रूपांतरण दर्शकों को हैरान कर रहा है। विठाबाई के किरदार में वह एक संघर्षशील और समर्पित कलाकार की भूमिका निभाती दिखाई दे रही हैं। टीजर की शुरुआत एक भावनात्मक दृश्य से होती है, जिसमें वह प्रसव पीड़ा के बावजूद मंच पर प्रस्तुति देने के लिए तैयार दिखाई देती हैं। इसके बाद भी कला के प्रति उनका समर्पण दर्शकों को भावुक कर देता है।
टीजर का सबसे चर्चित संवाद— “पड़ी-पड़ी मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी”— सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दर्शकों का कहना है कि यह संवाद फिल्म की आत्मा को दर्शाता है और विठाबाई के संघर्षपूर्ण जीवन को बखूबी सामने लाता है।
टीजर रिलीज होने के बाद श्रद्धा कपूर के अभिनय की जमकर प्रशंसा हो रही है। सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने इसे उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया है। कुछ लोगों का मानना है कि यह भूमिका उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बना सकती है।
फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि निर्माण दिनेश विजान के बैनर तले किया गया है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि फिल्म में विठाबाई के जीवन के कई दशकों की यात्रा को दिखाया जाएगा। यह सिर्फ एक कलाकार की कहानी नहीं होगी, बल्कि उस दौर की लोककला, समाज और संघर्षों की भी झलक पेश करेगी।
निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज की तारीख 28 अगस्त तय की है। टीजर को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद ‘ईथा’ को वर्ष की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है। श्रद्धा कपूर के दमदार अभिनय और विठाबाई की प्रेरणादायक कहानी ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।













