एमपी ई-सेवा पोर्टल बना नागरिकों के लिए डिजिटल सुविधा का नया माध्यम
एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी 56 विभागों की 500 से अधिक शासकीय सेवाएं
सिंगरौली,/ मध्यप्रदेश शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से “एमपी ई-सेवा पोर्टल” प्रारंभ किया गया है। यह एकीकृत पोर्टल प्रदेश के नागरिकों को विभिन्न शासकीय विभागों की सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा।एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से 56 से अधिक शासकीय विभागों की 500 से अधिक सेवाओं का लाभ नागरिक घर बैठे ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। पोर्टल में सिंगल साइन-ऑन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों के लिए बार-बार लॉगिन करने अथवा दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।यह पोर्टल समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन एवं समग्र आईडी से भी जुड़ा हुआ है, जिससे परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। नागरिक मोबाइल नंबर, आधार नंबर एवं समग्र आईडी के माध्यम से पोर्टल पर पंजीयन कर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
एमपी ई-सेवा पोर्टल मोबाइल एप के रूप में भी उपलब्ध है। नागरिक गूगल प्ले स्टोर से “MPeSeva” एप डाउनलोड कर मोबाइल के माध्यम से भी सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं।राज्य शासन की यह पहल नागरिकों को समयबद्ध, सुगम एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे शासकीय सेवाओं तक आमजन की पहुंच और अधिक आसान एवं प्रभावी होगी।












