बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

“SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान के दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

सिंगरौली। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में संचालित “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के दूसरे दिवस गुरुवार को जिला पुलिस कार्यालय सिंगरौली स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. (भा.पु.से.) ने जिले के पत्रकारों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद कर अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आज सूचना प्रसार के महत्वपूर्ण साधन हैं, इसलिए पत्रकारों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों को आमजन तक पहुंचाने में अहम है। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान आगामी 15 दिनों तक चलने वाले साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय सूचनाएं किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना विंध्यनगर पुलिस द्वारा पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विंध्यनगर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 60 शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।

वहीं थाना गढ़वा पुलिस ने ग्राम खमरिया में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी के संबंध में जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की सलाह दी।

पुलिस विभाग के अनुसार “SAFE CLICK-2026” अभियान के तहत आगामी दिनों में जिले के स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, ग्राम पंचायतों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।

सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से घबराने के बजाय तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन की सहायता लें।

Author

Related Articles

Back to top button