डीएवी रोड मस्जिद मार्केट मार्ग की बदहाली, गैस पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क बनी मुसीबत

वैढ़न, सिंगरौली। शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों में शामिल डीएवी रोड मस्जिद मार्केट मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। महज एक वर्ष पूर्व निर्मित सड़क गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि संबंधित संविदाकार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, बिखरा मलबा और बाहर निकले नुकीले लोहे के सरिए दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर कई विद्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। जाम और खराब सड़क के कारण स्कूल बसों तथा विद्यार्थियों को रोजाना देरी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है, लेकिन अब तक केवल खानापूर्ति की गई है। सड़क के बीचों-बीच निकले सरिए और अधूरी मरम्मत के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं तथा किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह संविदाकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मार्ग का तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी सड़क पर गड्ढे और मलबा छोड़ देना गंभीर लापरवाही है।
वहीं, नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और आमजन को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।











