बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्कूल समय में ‘बंधक’ बन जाता है डीएवी रोड-मस्जिद मार्केट मार्ग, बेतरतीब पार्किंग से रोज लग रहा जाम

अभिभावकों की जल्दबाजी बन रही परेशानी का कारण, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

सिंगरौली। नगर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल डीएवी रोड-मस्जिद मार्केट मार्ग पर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय प्रतिदिन गंभीर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क की क्षमता से अधिक दबाव और स्कूलों के बाहर बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने वाले वाहनों के कारण आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार स्कूल समय में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने और लेने के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान कई लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन स्कूल गेट के ठीक सामने या सड़क के बीच में खड़े कर देते हैं। इससे मार्ग संकरा हो जाता है और कुछ ही मिनटों में लंबा जाम लग जाता है।

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि यदि वाहन चालकों द्वारा थोड़ी दूरी पर व्यवस्थित पार्किंग की जाए तो यातायात सुचारू रह सकता है। लेकिन जल्दबाजी और सुविधा के कारण अधिकांश वाहन गेट के आसपास ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे पूरी सड़क प्रभावित होती है।मार्ग पर कई विद्यालय, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और आवासीय क्षेत्र स्थित हैं। ऐसे में जाम के दौरान पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के फंसने की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ विद्यालयों के बाहर सुरक्षा गार्ड यातायात व्यवस्था संभालते हैं, जिससे स्थिति काफी हद तक नियंत्रित रहती है। वहीं कुछ स्थानों पर अतिरिक्त प्रबंधन और निगरानी की आवश्यकता महसूस की जा रही है ताकि वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जा सके और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

Author

Related Articles

Back to top button