बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल विंध्य नगर में विद्यार्थियों से साझा किए जीवन के अनुभव, सफलता के लिए दिए प्रेरणादायी संदेश

सिंगरौली, / नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने आज पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल विंध्य नगर पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में प्रेरित किया।

नगर निगम आयुक्त ने कहा कि स्कूल का समय जीवन के सबसे खूबसूरत पलों में से एक होता है। स्कूल में विद्यार्थी केवल पढ़ाई ही नहीं करते, बल्कि यहां दोस्ती, टीम भावना, खेल, अनुशासन, जिम्मेदारी और जीवन की चुनौतियों का सामना करना भी सीखते हैं। यही अनुभव आगे चलकर उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार स्वादिष्ट सब्जी बनाने के लिए नमक, हल्दी, मिर्च और अन्य मसालों का सही अनुपात जरूरी होता है, उसी प्रकार जीवन में भी मुस्कान, मेहनत, थोड़ी चुनौतियां, बचपन की सरलता और गंभीरता का संतुलन आवश्यक है। इन सभी अनुभवों के मेल से ही एक अच्छा और सफल व्यक्ति बनता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, समय का सदुपयोग करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी जरूरी है।
नगर निगम आयुक्त ने छात्राओं से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि वे स्वयं को सशक्त बनाएं, अच्छे से पढ़ाई करें और अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां समाज के विकास की मजबूत आधारशिला हैं।
इस अवसर पर पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल विंध्य नगर के प्रभारी प्राचार्य श्री देवी शरण सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने नगर निगम आयुक्त के प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और अपने अनुभव साझा किए।

Author

Related Articles

Back to top button