केरवा डैम के आसपास अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 125 करोड़ की सरकारी जमीन कराई मुक्त

भोपाल। जिला प्रशासन ने केरवा डैम के आसपास विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई निर्माण ध्वस्त कर दिए। शुक्रवार को हुजूर अनुभाग में एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में तहसीलदार अतुल शर्मा और पुलिस बल ने मेंडोरी एवं बरखेड़ी बाज्याफत क्षेत्र में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया तथा बाउंड्रीवॉल को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार ये कॉलोनियां बिना आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही थीं।
प्रशासन ने बताया कि पिछले छह दिनों से चल रहे अभियान में 15 से अधिक अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इन कॉलोनियों के लिए उपयोग की जा रही सरकारी जमीन की बाजार कीमत करीब 125 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) की अनुमति और भूमि डायवर्जन के बिना विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट या मकान खरीदने से पहले उसकी वैधानिक अनुमति और दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।













