बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

हाईकोर्ट के आदेश पर खुला धार का सरकारी इमामबाड़ा, सुरक्षा के बीच मुहर्रम की रस्में संपन्न

 

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में मुहर्रम के अवसर पर लंबे समय से बंद पड़े हटवाड़ा स्थित सरकारी इमामबाड़े का ताला इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद खोल दिया गया। गुरुवार देर रात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने ताजिया कमेटी को चाबी सौंपी, जिसके बाद सरकारी ताजिए की पारंपरिक विधि-विधान से स्थापना की गई।

इमामबाड़ा खुलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अकीदतमंद जियारत के लिए पहुंचे। शहर के विभिन्न अखाड़ों ने इमामबाड़ा परिसर में पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन करते हुए सरकारी ताजिए को सलामी दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहे। इमामबाड़ा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

इस बीच ताजिया जुलूस के मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शुक्रवार को मुहर्रम के अंतिम दिन विभिन्न अखाड़ों और ताजियों का मिलन इमामबाड़ा परिसर में हुआ। इसके बाद पारंपरिक जुलूस निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए करबला मैदान पहुंचा। पूरे आयोजन के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।

Author

Related Articles

Back to top button