एनसीएल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर मंथन, वार्षिक कार्ययोजना पर हुई चर्चा

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय में शनिवार को निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाप्रबंधक (कल्याण) राजेश त्रिवेदी, जेसीसी सदस्य एवं बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में खेल गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों और उनके आश्रितों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। वित्तीय वर्ष 2026-27 की खेल कार्ययोजना, खेल अधोसंरचना के विकास और विभिन्न प्रतियोगिताओं के वार्षिक कैलेंडर की समीक्षा की गई। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेलों में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सदस्यों ने खेल गतिविधियों के विस्तार और एनसीएल की कार्य संस्कृति में खेलों को स्थायी स्थान दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रबंधन ने खेलों को स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना और संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए भविष्य में खेल सुविधाओं एवं अवसरों के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।












