बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

युवा संगम का लाभ अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को मिले : विधायक विश्वामित्र पाठक

सिंगरौली/ विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत बहरी में शुक्रवार को युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। मेले का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भोपाल जनसंपर्क विभाग से आए कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
जिला रोजगार अधिकारी ने युवा संगम, रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले की रूपरेखा और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने संस्थानों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक योग्यता तथा चयन प्रक्रिया की जानकारी युवाओं को दी।

मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि लंबे समय बाद क्षेत्र में रोजगार मेले का आयोजन हुआ है, जो बेरोजगार युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं प्रशासनिक अमले को बधाई देते हुए कहा कि इस पहल से क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बहरी प्रवास के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री अथवा अन्य उद्योग स्थापित करने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं का परीक्षण कर उद्योग स्थापित कराने का भरोसा दिया है।
उन्होंने कहा कि सिहावल क्षेत्र उद्योगों की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील है। यहां सोन नदी एवं बाणसागर नहर के रूप में पर्याप्त जल संसाधन उपलब्ध हैं। फोरलेन एवं टू-लेन सड़क मार्ग के साथ ही क्षेत्र शीघ्र ही रेलवे नेटवर्क से भी जुड़ने वाला है। इसके अलावा यहां सीमेंट उद्योग के लिए आवश्यक चूना पत्थर (लाइमस्टोन) भी उपलब्ध है। ऐसे में यहां उद्योगों की स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने उद्योग विभाग, जिला रोजगार कार्यालय एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आह्वान किया कि मेले में पहुंचे युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास करें, ताकि युवा संगम की सार्थकता सिद्ध हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं ऋण स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में एसडीएम राकेश शुक्ला, जनपद पंचायत सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार इंद्रभान सिंह, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पांडेय, आईटीआई प्राचार्य अशोक तिवारी, थाना प्रभारी राजेश पांडेय, जनपद सदस्य चंद्रभान सिंह, अशोक शुक्ला, अनिल पांडेय, दिलीप सोनी, विपिन बिहारी पांडेय, पंचराज वर्मा, सजन सिंह, रितेश गुप्ता सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, रोजगार कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button