एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे 10 युवक गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय भेजा

सिंगरौली। शक्तिनगर थाना पुलिस ने एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में 10 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के आरक्षी जितेंद्र कुमार की तहरीर पर थाना शक्तिनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग रात्रि के समय एनटीपीसी के प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश कर गए थे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को थाना शक्तिनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ कैंटीन मार्ग के पास से सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी युवक शक्तिनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 329(3) एवं 189(2) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सदाशिव राय तथा पुलिस टीम ने की।
शक्तिनगर लिस ने कहा है कि अपराध एवं कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












