जुड़वा तालाब परिसर में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण, शहर को मिली नई पहचान

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा जुड़वा तालाब परिसर में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का शुक्रवार को भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज का लोकार्पण कर इसे शहरवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि गगनचुंबी तिरंगा देश की संप्रभुता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। इसके लहराने से नागरिकों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी। महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि जुड़वा तालाब परिसर में स्थापित यह तिरंगा सिंगरौली की नई पहचान बनेगा और यहां आने वाले लोगों में देशभक्ति का भाव जागृत करेगा।
नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने कहा कि यह पहल नगर निगम की जनहित एवं राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है और शहर के विकास व गौरव को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर लाल शाह, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों तथा नगर निगम के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












