बूथ स्तर तक होगा संगठन का विस्तार, किसानों की समस्याओं को लेकर होगा कलेक्टर कार्यालय का घेराव
किसान कांग्रेस की बैठक में 'किसान न्याय योद्धा' गठन, जनचौपाल अभियान और किसानों के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तैयार

सिंगरौली। मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर जिला किसान कांग्रेस सिंगरौली शहर कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, प्रत्येक ब्लॉक में किसान न्याय योद्धा एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन तथा किसानों की समस्याओं को लेकर किसान न्याय जनचौपाल आयोजित करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा कि प्रदेश और जिले का किसान आज अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। सिंगरौली में टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है और कई किसानों को अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन तक करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसानों के सम्मान के साथ अन्याय है।
मनोज दुबे ने कहा कि खाद-बीज की कमी, सिंचाई के पर्याप्त संसाधनों का अभाव, अघोषित बिजली कटौती, फसलों का उचित समर्थन मूल्य न मिलना, आवारा मवेशियों से फसलों को नुकसान, राजस्व प्रकरणों का लंबित रहना तथा ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़कों जैसी समस्याओं से किसान लगातार परेशान हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर किसान कांग्रेस गांव-गांव जाकर किसानों की आवाज बुलंद करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में किसान न्याय योद्धाओं का गठन कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की समस्याओं का संकलन किया जाएगा और आने वाले दिनों में जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर किसानों की मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक के उपरांत मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अरुण सिंह एवं प्रदेश सचिव मनोज शाह का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को जिला उपाध्यक्ष किसान कांग्रेस नंदकिशोर सिंह, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस मनोज सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रामसहाय पनिका एवं राम सकल शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नवानगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज पाण्डेय ने किया।
बैठक में के.पी. सिंह, लोलर प्रसाद दुबे, कुंदन पाण्डेय (युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष), निवेश पाण्डेय (हिर्रवा ब्लॉक अध्यक्ष), जितेंद्र जायसवाल (नवानगर ब्लॉक अध्यक्ष), रामलल्लू कुशवाहा (बैढ़न अध्यक्ष), सैयूब बेग, केसचंद यादव, मन प्रसाद बैस, विष्णुदत्त पाण्डेय, श्याम बिहारी नापित, नरेश तिवारी, विनय दुबे, प्रेमसागर शर्मा, अमन पाण्डेय, प्रियांशु पाण्डेय, रामायण प्रसाद दुबे एवं विनोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












