70 वर्षीय महिला से 347 ग्राम गांजा, ₹1.03 लाख नकदी व मोबाइल जब्त
चौराडांड़ में घेराबंदी कर पकड़ी गई आरोपी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिंगरौली। जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जियावन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 वर्षीय महिला को अवैध गांजा, नकदी और मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 347 ग्राम गांजा, गांजा बिक्री से अर्जित बताए जा रहे ₹1.03 लाख नकद तथा ग्राहकों से संपर्क के लिए इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को थाना जियावन पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चौराडांड़ में सड़क किनारे खड़ी एक महिला पुलिस दल को देखकर घबराकर अपने घर की ओर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान महिला के पास रखी पीले रंग की पन्नी से 347 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तलाशी में ₹1,03,000 नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी गांजा बिक्री से अर्जित की गई प्रतीत होती है।
मामले में थाना जियावन में अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक खुम सिंह तथा महिला आरक्षक जयांजलि दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












