कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित
एनआरसी में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने एवं 10 अतिरिक्त बेड बढ़ाने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने की जन विश्वास अभियान एवं हर घर तिरंगा अभियान के तैयारियों की समीक्षा
सिंगरौली,/ कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी एनआरसी केंद्रों में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित की जाए तथा जिला मुख्यालय स्थित एनआरसी केंद्र में 10 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की कार्रवाई की जाए। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें एनआरसी केंद्रों में भर्ती कराया जाए।कलेक्टर ने मोरवा विस्थापन के संबंध में निर्देश दिए कि विस्थापन से प्रभावित होने वाले विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्रसव केंद्रों का सूचीकरण कर उनके पुनर्स्थापन हेतु उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन कर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि नए स्थलों का चयन विस्थापित परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
बैठक में 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले जन विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सेक्टर स्तर पर सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी विभाग अपनी हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। साथ ही शिविर आयोजित होने से पूर्व संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बेसलाइन सर्वे कर डीएमएफ मद से प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने वाले निर्माण कार्यों का चिन्हांकन किया जाए। जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को तिलहन एवं दलहन फसलों की बुवाई के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही खाद की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी प्रत्येक सप्ताह खाद गोदामों का निरीक्षण करें तथा अवैध रूप से उर्वरक का विक्रय करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अनुविभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्रीकरण सुनिश्चित करें तथा इसकी प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपर कलेक्टर द्वारा समीक्षा की जाए।बैठक में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं नगर निगम आयुक्त को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण कर संबंधित आवेदकों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री प्रशांत त्रिपाठी एवं श्री अमित बम्हरौलिया, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर श्री सौरभ मिश्रा, एसडीएम माड़ा श्री नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी श्री देवेंद्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सुश्री सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री जितेंद्र गुप्ता सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।













