बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

‘बदलाव जरूरी है’ के नारों के साथ माजन मोड़ से निकली भाकपा की यात्रा, पूरे सिंगरौली व सीधी लोकसभा क्षेत्र में करेगी दौरा

सिंगरौली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के आह्वान पर चल रहे ‘बदलाव जरूरी है’ देशव्यापी अभियान के तहत शनिवार 8 अगस्त की शाम सिंगरौली में यात्रा निकाली गई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सिंगरौली के नेतृत्व में माजन मोड़ से निकाली गई इस यात्रा में राज्य परिषद सदस्य कॉमरेड संजय नामदेव की प्रमुख उपस्थिति रही। यात्रा पूरे सिंगरौली जिले के साथ ही सीधी लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा करेगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आम जनता के बीच जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा।

यात्रा के माध्यम से महंगाई पर रोक लगाने, हर घर रोजगार उपलब्ध कराने, युवाओं को रोजगार देने, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने, किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने तथा मनरेगा के अधिकारों की रक्षा की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है। इसके साथ ही महिला आरक्षण लागू करने, दलित-आदिवासियों एवं अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचार रोकने, जातीय जनगणना कराने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा भी अभियान में शामिल है।

भाकपा नेताओं ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में आम जनता की आवाज को बुलंद करने और जनसमस्याओं के खिलाफ व्यापक जनजागरण जरूरी है। यात्रा के दौरान श्रमिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों और वंचित वर्गों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर राज कुमार शर्मा, अरुण सिंह सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ‘बदलाव जरूरी है’ और ‘अपनी आवाज बुलंद करें’ जैसे नारों के साथ अभियान को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Author

Related Articles

Back to top button