बिजली व्यवस्था सुदृढ़ीकरण और राजस्व वृद्धि को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल ने अधिकारियों को दिए शत-प्रतिशत वसूली और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश

सिंगरौली। वृत्त कार्यालय सिंगरौली में अधीक्षण अभियंता (संचा. संधा.) अजीत सिंह बघेल की अध्यक्षता में राजस्व संवर्धन एवं विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विद्युत वितरण व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने भाग लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में राजस्व संग्रहण, बकाया वसूली, बिलिंग एवं मीटर रीडिंग, एमआरआई/एएमआर, विद्युत चोरी रोकथाम, स्मार्ट मीटर स्थापना, उपभोक्ता शिकायतों के निराकरण सहित अन्य राजस्व संवर्धन गतिविधियों की समीक्षा की गई।
अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह बघेल ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वितरण केंद्र में चिन्हित बड़े बकायेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन एवं कंपनी द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी अधिकारी कार्ययोजना बनाकर नियमित मॉनिटरिंग करें।
बैठक में पीएमसीएल द्वारा निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्य की समीक्षा करते हुए वितरण केंद्रवार लक्ष्य तय करने और उसकी सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही बकाया वसूली, बिल सुधार, विद्युत विच्छेदन एवं पुनः संयोजन जैसे कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
अधीक्षण अभियंता ने आगामी पांच वर्षों के लिए विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपसंभाग एवं वितरण केंद्र अपने क्षेत्रों का सर्वे कर नवीन उपकेंद्र, 33 केव्ही एवं 11 केव्ही फीडर, विद्युत लाइन, वितरण ट्रांसफार्मर सहित आवश्यक अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव तैयार करें।
बैठक में गैर-कृषि फीडरों से संचालित कृषि कनेक्शनों में मीटर स्थापना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता से मीटर लगाने के निर्देश दिए गए। इससे ऊर्जा लेखांकन में सुधार और तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानियों में कमी आएगी।
अधिकारियों को कम विद्युत आपूर्ति वाले क्षेत्रों और बार-बार होने वाले व्यवधानों का तकनीकी विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। लाइन अनुरक्षण, खराब उपकरणों के शीघ्र प्रतिस्थापन और फीडरवार निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में फेल वितरण ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन, आरडीएसएस कार्यों, स्मार्ट मीटरिंग, विद्युत चोरी प्रकरणों, 1912 एवं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता (ओएंडएम) ओ.पी. द्विवेदी, कार्यपालन अभियंता (शहर) दिनकर प्रसाद दुबे, कार्यपालन अभियंता (एसटीएम-एसटीसी) उपेन्द्र कुमार यादव सहित सभी उपसंभागों के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ता सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।













