फ्राइड चिकन में कंडोम जैसा पदार्थ मिलने का दावा, कपल ने फास्ट-फूड कंपनी पर किया करोड़ों का मुकदमा

ह्यूस्टन। अमेरिका के ह्यूस्टन में फ्राइड चिकन को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक कपल ने आरोप लगाया है कि उन्हें परोसे गए चिकन के टुकड़े के अंदर कंडोम जैसा पदार्थ मिला। घटना के बाद कपल ने मशहूर फास्ट-फूड चेन पोपेय्स और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ करीब 12.5 करोड़ रुपये के हर्जाने का मुकदमा दायर किया है।
मामला 25 जुलाई का बताया जा रहा है। जस्टिन हॉवर्ड और डेनियल मैककिनन ने साउथ सैम ह्यूस्टन पार्कवे वेस्ट स्थित पोपेय्स आउटलेट से फ्राइड चिकन ऑर्डर किया था। जस्टिन के अनुसार, चिकन खाते समय उन्हें उसके अंदर एक ऐसी वस्तु दिखाई दी, जो कंडोम जैसी नजर आ रही थी। इसके बाद दोनों ने खाना छोड़ दिया और कथित तौर पर उन्हें उल्टी जैसा महसूस होने लगा।
शिकायत करने पर नया खाना देने का आरोप
कपल का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे तो कर्मचारियों ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उनका मजाक उड़ाया और चिकन बदलकर नया ऑर्डर देने की कोशिश की। काफी बहस के बाद उन्हें कथित तौर पर रिफंड दिया गया।
इसके बाद 3 अगस्त को हैरिस काउंटी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया। इसमें पोपेय्स की पैरेंट कंपनी रेस्टोरेंट ब्रांड्स इंटरनेशनल, पोपेय्स लुइसियाना किचन और फ्रेंचाइजी संचालक आमाना बिजनेसेज को प्रतिवादी बनाया गया है। कपल ने लापरवाही, असुरक्षित खाद्य प्रबंधन और उपभोक्ता संरक्षण कानूनों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
जांच पूरी होने तक बिक्री रोकने की मांग
मामले के सामने आने के बाद कुछ स्थानीय कम्युनिटी एक्टिविस्ट भी कपल के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने संबंधित आउटलेट में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक वहां चिकन की बिक्री रोकने की मांग की है।
हालांकि, चिकन में मिली वस्तु वास्तव में क्या थी और वह वहां कैसे पहुंची, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।













