तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को रौंदा, तीन की मौके पर मौत, एक गंभीर

फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार ने चार कांवड़ियों को कुचल दिया। हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। सभी कांवड़िए गंगोत्री से गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के साथ फरीदकोट लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ। मृतकों की पहचान कोटकपूरा निवासी जगदीश मित्तल (40), महेंद्र पाल (43) और दीपक कुमार (42) के रूप में हुई है। वहीं मुकेश गोयल गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चारों कांवड़िए 30 जुलाई को दो अलग-अलग कांवड़ संघों के जत्थों के साथ गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। उन्हें सोमवार 10 अगस्त को गंगाजल लेकर कोटकपूरा लौटना था। हादसा वापसी के दौरान हुआ।
बताया गया कि कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ तथा श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के जत्थे गंगोत्री से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कार चालक के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।













