9 घंटे में 6 इंच बारिश से डिंडौरी बेहाल, नर्मदा उफान पर; जबलपुर-मंडला मार्ग बंद
खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर से बहा, हाईवे पर लगा लंबा जाम; निचले इलाकों से 7 परिवार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में शनिवार रात से रविवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रात 9 बजे से सुबह 6 बजे के बीच करीब 6 इंच बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते नर्मदा सहित उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। बजाग, करंजिया और समनापुर क्षेत्र में हालात बिगड़ गए हैं।
मंडला-डिंडौरी नेशनल हाईवे पर सक्का गांव के समीप खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं जबलपुर-मंडला मार्ग पर भी जलभराव होने से जिला मुख्यालय का संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से पानी भरे रास्तों पर जाने से बचने की अपील की है।
नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण नदी किनारे बसे निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। खतरे की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले 7 परिवारों को सुरक्षित निकालकर रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया है।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के दतिया, रीवा और सीधी जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है।
रविवार को जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।













