खेत में रोपाई करते समय पलटा ट्रैक्टर, युवक की दर्दनाक मौत
नौढ़िया निवासी संदीप सिंह की मौत से गांव में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच

सिंगरौली/सरई। सरई थाना क्षेत्र में खेत में रोपाई कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर पलटने से नौढ़िया निवासी संदीप सिंह पिता रामजी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार संदीप सिंह खेत में रोपाई के काम में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से संदीप सिंह गंभीर रूप से दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना सरई पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आ रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।संदीप सिंह की अचानक हुई मौत से नौढ़िया गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













