सिंगरौली एयरपोर्ट को मिली औपचारिक मंजूरी, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रयासों को मिली सफलता
केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने भोपाल में की घोषणा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से दी सौगात की जानकारी

सिंगरौली। ऊर्जाधानी सिंगरौली के विकास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। सिंगरौली में निर्मित हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करने को केंद्र सरकार से औपचारिक मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापू ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की, वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी भरे मंच से सिंगरौली को मिली इस बड़ी सौगात की जानकारी दी।
सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा लंबे समय से सिंगरौली एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक उड़ानें प्रारंभ कराने के लिए प्रयास किए जा रहे थे। सांसद ने इस मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाया था, जिसके बाद अब केंद्र सरकार की ओर से इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए मंजूरी प्रदान की गई है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापू और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिंगरौली जैसे औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलने से यहां निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। इससे सिंगरौली के साथ-साथ सीधी, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) और गढ़वा (झारखंड) क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि सिंगरौली एयरपोर्ट लंबे समय से तैयार है, लेकिन व्यावसायिक उड़ानों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज रीवा एयरपोर्ट पर पहुंचकर इस उपलब्धि के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयास और सरकार की सकारात्मक सोच से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
सिंगरौली एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के बाद क्षेत्र की औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ ही आम लोगों को भी देश के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इसे सिंगरौली के विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।











