सोम प्रदोष पर शिवधाम मंदिर वैढ़न में उमड़ा आस्था का सैलाब
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक

सिंगरौली। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार एवं प्रदोष तिथि के पावन संयोग सोम प्रदोष के अवसर पर शिवधाम मंदिर वैढ़न में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भूतभावन भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजन एवं अभिषेक में शामिल हुए।

शिवधाम मंदिर के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन.पी. मिश्र के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान अनेक भक्तों ने सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक कर भगवान आशुतोष का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रावण मास की भक्ति में डूबे कांवड़ियों के दल भी “बोल बम… हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ शिवधाम मंदिर पहुंचे। कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और अपनी कांवड़ यात्रा को आगे बढ़ाया।
मंदिर परिसर में गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रावण सोमवार और सोम प्रदोष का यह विशेष संयोग भक्तों के लिए भक्ति, विश्वास और शिव आराधना का दिव्य अवसर बना।
इस अवसर पर पं. डॉ. एन.पी. मिश्र ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। सोम प्रदोष के दिन भगवान शिव का पूजन करने से आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य फल की प्राप्ति होती है।











