बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

खंडवा में बनेगी मध्यप्रदेश की पहली SISF बटालियन

सीएम मोहन यादव का ऐलान, बैगा-भारिया-सहरिया युवाओं के लिए गठित होंगी विशेष कंपनियां

भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित पुलिस पदोन्नति अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) की तीन नई बटालियन गठित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहली SISF बटालियन खंडवा जिले में स्थापित की जाएगी। इस पहल से औद्योगिक क्षेत्रों, ऊर्जा संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। शेष दो SISF बटालियन के स्थानों की घोषणा आगामी समय में की जाएगी।

जनजातीय युवाओं को मिलेगा विशेष अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि SISF के अंतर्गत प्रदेश के विशेष पिछड़ी जनजातियों बैगा, भारिया और सहरिया समुदायों के युवाओं के लिए अलग-अलग विशेष कंपनियों का गठन किया जाएगा। इन कंपनियों में इन्हीं जनजातियों के युवाओं को भर्ती का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार के साथ सुरक्षा बलों में प्रतिनिधित्व भी प्राप्त होगा।

दो साल में पुलिस विभाग के सभी पद भरने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में रिक्त पदों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों के भीतर पुलिस विभाग के सभी रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। किसी भी पद को खाली नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की पदोन्नति प्रक्रिया को भी गति दी जा रही है, जिससे जवानों और अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button