राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: झिरी नाले में बही ईको वैन, 9 की मौत
11 लोगों से भरी थी गाड़ी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर मार्ग पर पड़ाना के पास झिरी नाले में तेज बारिश के बीच 11 लोगों से भरी ईको वैन बह गई। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार ईको वैन देवास जिले के सतवास से कड़लावद गांव की ओर जा रही थी। वाहन में 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। सुबह करीब 9 बजे पड़ाना के पास झिरी नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद वाहन चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। नाले पर निर्माणाधीन पुल के ऊपर पानी बह रहा था और रेलिंग नहीं होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर तेज बहाव में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने चालक को पानी के तेज बहाव के चलते आगे नहीं जाने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ाया गया। हादसे के बाद दो लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम रोहित बम्होरे और एसडीओपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया गया। क्रेन की मदद से ईको वैन को नाले से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू टीम द्वारा अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में पुरुष, महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल है। सभी शवों को सारंगपुर भेजा गया है। वहीं, गोताखोरों और बचाव दल द्वारा नाले एवं आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।











