बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित

जन विश्वास अभियान के शिविरों में लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें-कलेक्टर

सिंगरौली, । कलेक्टर  गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि आगामी 14 अगस्त को नगरीय क्षेत्र के बैढ़न एवं नवजीवन विहार में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविरों की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाओं तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों को चिन्हित कर उनका शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। शिविर में आधार, समग्र, आयुष्मान योजना सहित नगर निगम से संबंधित करों के भुगतान के लिए काउंटर भी स्थापित किए जाएं, ताकि आमजन को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के आगामी चरण में सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण करें तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपखण्ड स्तर पर लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निराकरण कराया जाए। विशेष रूप से जन्म प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा प्रतिदिन निराकृत आवेदनों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि तिरंगा रैलियों के दौरान पर्याप्त भीड़ प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकतानुसार भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाए। उन्होंने रैली के आयोजन में जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने तथा आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तेलहन एवं दलहन फसलों की बोनी के रकबे की क्षेत्र भ्रमण कर जानकारी संकलित करने तथा खाद-बीज दुकानों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कालाबाजारी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। पोषण पुनर्वास केन्द्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों के डिस्चार्ज होने से पूर्व ही रिक्त बेड पर चिन्हित कुपोषित बच्चों को भर्ती कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि एनआरसी केन्द्रों में कोई भी बेड रिक्त न रहे तथा केन्द्रों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए।

कलेक्टर ने डीपीसी को चिन्हित जर्जर विद्यालय भवनों का लोक निर्माण विभाग के माध्यम से परीक्षण कराकर आवश्यकतानुसार भवनों की मरम्मत अथवा जर्जर भवनों को ध्वस्त कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं अनुविभागीय अधिकारियों को शासकीय भूमियों पर किए गए व्यावसायिक अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीओ वन विभाग को वनग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को पट्टे जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर श्री पीएस त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, एसडीएम देवसर श्री सौरभ मिश्रा, एसडीएम माड़ा श्री नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी श्री देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button