स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, सीमाओं पर बढ़ी निगरानी

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खुफिया इनपुट के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगी सीमाओं पर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि सीमा पार से घुसपैठ या किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की कोशिश की जा सकती है।
अधिकारियों के अनुसार जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली समेत संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही अपेक्षाकृत छोटे शहरों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। एजेंसियों ने संभावित घुसपैठ के साथ ही भ्रामक सूचनाओं और फर्जी अलर्ट के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई है।
पश्चिमी सीमा पर सीमा सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन अलर्ट’ शुरू किया है, जो 10 से 17 अगस्त तक चलेगा। अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और गश्त बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।













