सखौहां समिति में खाद वितरण को लेकर शिकायत, कलेक्टर से जांच और समिति सेवक बदलने की मांग
किसानों ने लगाया मनमानी का आरोप, ई-टोकन के बाद भी खाद नहीं मिलने की शिकायत

सिंगरौली। जिले के सखौहां सेवा सहकारी समिति में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों ने सवाल उठाए हैं। ग्राम चितरबई खुर्द निवासी अरुण कुमार पाण्डेय ने कलेक्टर सिंगरौली को शिकायत पत्र सौंपकर समिति में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच कराने और समिति सेवक बदलने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सखौहां समिति में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए ई-टोकन व्यवस्था लागू की गई थी, लेकिन ई-टोकन कटवाने के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। आरोप है कि समिति द्वारा मनमाने तरीके से खाद वितरण किया गया और कुछ खास लोगों को प्राथमिकता दी गई।
अरुण कुमार पाण्डेय ने शिकायत में बताया कि समिति से खाद वितरण की जानकारी लेने पर उन्हें बताया गया कि ई-टोकन बंद होने के बाद दोबारा व्यवस्था शुरू होने पर खाद दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समिति के प्रभारी राधेश्याम शाह द्वारा खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि समिति का प्रभार लंबे समय से एक ही व्यक्ति के पास है, जबकि सहकारी बैंक नियमों के अनुसार समिति संचालन में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति का प्रभाव होने के कारण अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है।किसानों की समस्याओं को देखते हुए शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर किसी अन्य समिति सेवक को जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।वहीं शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।









