नगर निगम आयुक्त ने जन विश्वास अभियान शिविर एवं हर घर तिरंगा रैली की तैयारियों की समीक्षा की
शिविर में लंबित प्रकरणों का मौके पर निराकरण एवं तिरंगा रैली में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

सिंगरौली, 11 अगस्त 2026/ नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 14 अगस्त को नगरीय क्षेत्र में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविर एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राज्य शासन की मंशानुसार दोनों आयोजनों को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक शिविरों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें तथा अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकें।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने जन विश्वास अभियान शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबल योजना, कर्मकार मंडल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शिविर में ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविरों में नगर निगम से संबंधित विभिन्न करों, जैसे संपत्ति कर, जल कर एवं अन्य निकाय शुल्क के भुगतान के लिए विशेष काउंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति एवं स्वच्छता से संबंधित प्रकरणों को भी प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने शिविर स्थलों पर नागरिकों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया, हेल्पडेस्क तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा रैली की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त ने रैली के मार्ग, मार्ग की सफाई, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय गौरव और स्वाभिमान से जुड़ा अभियान है। इसमें सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि तिरंगा रैली को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
नगर निगम आयुक्त ने दोनों आयोजनों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जन विश्वास अभियान शिविर एवं हर घर तिरंगा रैली के सफल आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।









