पाँच माह के निरंतर प्रयासों से अधीक्षण अभियंता कार्यालय को मिला ISO प्रमाण-पत्र
कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं गुणवत्ता में निरंतर सुधार का परिणाम
सिंगरौली,.। अधीक्षण अभियंता कार्यालय द्वारा पिछले पाँच माह से कार्य संस्कृति, अनुशासन एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप कार्यालय ने ISO प्रमाण-पत्र सफलतापूर्वक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर अधीक्षण अभियंता श्री अजीत सिंह बघेल ने कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना का परिणाम है। ISO प्रमाणन हेतु पात्रता प्राप्त करना कार्यालय की कार्य संस्कृति, अनुशासन एवं व्यवस्थित कार्यप्रणाली में किए गए निरंतर सुधार को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में 5S कार्यप्रणाली को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अनावश्यक वस्तुओं एवं दस्तावेजों की छंटाई, आवश्यक सामग्री एवं दस्तावेजों को निर्धारित स्थान पर सुव्यवस्थित रखना, कार्यालय एवं कार्यस्थल की स्वच्छता, निर्धारित मानक कार्यप्रणालियों का पालन तथा अनुशासन एवं निरंतर सुधार की संस्कृति को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि ISO प्रमाणन केवल प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य कार्यालयीन कार्यप्रणाली में गुणवत्ता एवं निरंतर सुधार को स्थायी रूप से स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में फील्ड इकाइयों को बेहतर सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति, जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, राजस्व एवं अन्य प्रमुख प्रदर्शन मानकों में सुधार तथा कंपनी के समग्र प्रदर्शन में वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इसी प्रतिबद्धता, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से कार्यालय की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार के साथ उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता एवं कंपनी के समग्र प्रदर्शन में भी सकारात्मक एवं उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त होंगे।









