देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मुंबई के घाटकोपर में भूस्खलन से मचा हड़कंप, कई घर मलबे में दबे; पांच की मौत, रेस्क्यू अभियान जारी

मुंबई। भारी बारिश के बीच मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुए भूस्खलन ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। बुधवार तड़के चिराग नगर क्षेत्र की गौसिया चाल में पहाड़ी का हिस्सा अचानक खिसक गया, जिसकी चपेट में आसपास बने कई घर आ गए। मलबे में दबने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना घाटकोपर-कुर्ला मार्ग के पास अशोक नगर इलाके में राठौड़ मेडिकल के समीप हुई। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, दमकल विभाग, नगर निगम की टीम और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। भारी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया

बचाव दल ने मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी शामिल हैं। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने राहतकर्मियों को मलबे के अंदर फंसे लोगों की संभावित स्थिति के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया।

बारिश बनी हादसे की बड़ी वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मिट्टी और चट्टानों का हिस्सा कमजोर होकर खिसक गया, जिससे यह हादसा हुआ। मुंबई में बारिश के दौरान पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बारिश से पहले क्षेत्र के कुछ मकानों को नोटिस जारी किए गए थे। हादसे के बाद प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का दोबारा निरीक्षण किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है। राहत दल सावधानीपूर्वक मलबे की जांच कर रहे हैं ताकि किसी भी व्यक्ति के जीवित होने की संभावना को नजरअंदाज न किया जाए। भारी बारिश के बीच बचावकर्मियों के सामने राहत कार्य पूरा करने की बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button