जन विश्वास अभियान, तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा
समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश

सिंगरौली। आगामी जन विश्वास अभियान, तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में नगर पालिक निगम सिंगरौली आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अटल सामुदायिक भवन में आयोजित होने वाले शिविर, सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
आयुक्त जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने तिरंगा यात्रा की तैयारियों की जानकारी लेते हुए यात्रा मार्ग की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा, ताकि तिरंगा यात्रा सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।अटल सामुदायिक भवन में शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने प्राप्त आवेदनों एवं जनसमस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस एवं अन्य राष्ट्रीय पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी को शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं कार्यक्रम स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं इंजीनियरिंग विभाग को खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने तथा मुख्य मार्गों एवं आवश्यक स्थानों से निर्माण एवं विध्वंस शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान शहर स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नजर आना चाहिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने को कहा। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों को नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने कहा कि आगामी सभी आयोजनों एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व एवं आगामी अभियानों के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












