पीएम स्वनिधि योजना के विशेष शिविर गुरुवार एवं शुक्रवार को

सिंगरौली,। नगर निगम सिंगरौली द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को वार्ड क्रमांक 38 में पार्षद कार्यालय, बलियारी के पास तथा शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 31 स्थित सामुदायिक भवन, हरई पश्चिम में शिविर आयोजित होगा।शिविर में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। नगर निगम की एनयूएलएम शाखा के सिटी मिशन मैनेजर एवं ऑपरेटर शिविर में उपस्थित रहकर हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं योजना के प्रावधानों की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
एनयूएलएम के नोडल अधिकारी श्री अक्षत उपाध्याय ने बताया कि नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर आवेदन करने की अपील की है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
ऋण की समय पर अदायगी करने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी एवं डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलता है। पात्रता के अनुसार हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाती है। वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद श्री अनिल वैश्य एवं वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद श्री भारतेन्दु पांडेय द्वारा अपने-अपने वार्ड के पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं से शिविर में उपस्थित होकर योजना का लाभ लेने की अपील की गई है। नगर निगम ने पात्र हितग्राहियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजना का लाभ लेने का आग्रह किया है।












