हर घर तिरंगा अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों की उत्साहपूर्ण भागीदारी
तिरंगा रैली निकालकर दिया नशामुक्ति का संदेश, कलेक्ट्रेट परिसर में लगाया तिरंगा विक्रय एवं प्रदर्शनी स्थल

सिंगरौली, / हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में देशभक्ति एवं जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्साहपूर्वक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महिलाओं ने आमजन को नशामुक्ति का संदेश देते हुए हर घर तिरंगा फहराने एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का आह्वान किया। अभियान के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा विक्रय एवं प्रदर्शनी स्थल भी स्थापित किया गया है। यहां समूह की महिलाओं द्वारा तैयार एवं उपलब्ध कराए गए राष्ट्रीय ध्वजों का विक्रय किया जा रहा है। प्रदर्शनी स्थल पर नागरिकों में भी तिरंगा खरीदने एवं अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर रैली, जनजागरूकता गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली श्री जगदीश कुमार गोमे ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। इसे पूरे उत्साह, उमंग और जनभागीदारी के साथ मनाया जाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में महिला स्व-सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला प्रशासन द्वारा समूह की महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करते हुए अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के इस अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा आयोजित गतिविधियों में देशभक्ति के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है। तिरंगा रैली के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देकर महिलाओं ने स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प भी व्यक्त किया।












