विकासखण्ड स्तरीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन 18 अगस्त को
सिंगरौली, / जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, स्व-रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार विकासखण्ड स्तरीय “युवा संगम-रोजगार, स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन 18 अगस्त 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा आई.टी.आई. सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, पचौर, बैढ़न में प्रातः 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। मेले में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत अप्रेंटिसशिप के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में महान इनर्जेन लिमिटेड (अदानी पावर लिमिटेड), रिलायंस सासन पावर लिमिटेड, रिलायंस सासन कोल माइंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, अदानी माइनिंग लिमिटेड, एपीएमडीसी लिमिटेड, टीसीआईएल लिमिटेड, एलएंडटी लिमिटेड, डेको कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, बद्रिका हुंडई, एसआईएस सिक्योरिटी, भगवती फ्रंटलाइनर मोटराइजर्स प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होकर अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष आवेदक भाग ले सकते हैं। आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं, आई.टी.आई., डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बी.टेक., स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य निर्धारित योग्यताओं के अनुसार हो सकती है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी के नियमानुसार वेतन एवं रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इच्छुक आवेदकों को अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र एवं उनकी छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड तथा जीवित रोजगार पंजीयन साथ लाना आवश्यक है। जिले के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रोजगार, स्व-रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, सिंगरौली में संपर्क किया जा सकता है। दूरभाष क्रमांक 07805-233248 है।












