गुरुजनों के सम्मान से बढ़ा शिक्षा का मान
शिक्षक दिवस पर 65 शिक्षकों का सम्मान, हिंडालको महान के अधिकारियों ने कहा—शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव

बरगवां। शिक्षक दिवस के अवसर पर हिंडालको महान की ओर से संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, बरगवां में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 65 शिक्षकों को श्रीफल, अंगवस्त्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर आयोजित समारोह में हिंडालको महान के स्मेल्टर प्रमुख एस. शशि कुमार, वित्त प्रमुख रोहित मतेती और सीएसआर प्रमुख संजय सिंह मौजूद रहे।
स्मेल्टर प्रमुख एस. शशि कुमार ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, सोच और भविष्य को दिशा प्रदान करते हैं। वित्त प्रमुख रोहित मतेती ने कहा कि व्यक्ति जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, उसकी सफलता के पीछे किसी न किसी शिक्षक का मार्गदर्शन जरूर होता है।
सीएसआर प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है और शिक्षक इसके प्रमुख स्तंभ हैं। शिक्षकों का सम्मान उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
तीनों अधिकारियों ने स्वयं को शिक्षक-पुत्र बताते हुए अपनी मां को जीवन का पहला गुरु बताया और कहा कि मां के संस्कार तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके जीवन की दिशा तय की।
बरगवां संकुल के प्राचार्य राजेश शुक्ला और संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य आर.के. शुक्ला ने आयोजन के लिए हिंडालको महान का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क विभाग के बीरेंद्र पाण्डेय ने किया। आयोजन में धीरेन्द्र तिवारी, दीपक और अरविन्द का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।











