यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग, नौ यात्रियों की मौत
दिल्ली से महोबा जा रही थी बस, खिड़कियां तोड़कर कई यात्रियों ने बचाई जान

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात दिल्ली से महोबा जा रही निजी स्लीपर एसी बस में भीषण आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।
हादसा रात करीब 11.30 बजे दयानतपुर गांव के पास हुआ। सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर फंसे यात्रियों के शव बाहर निकाले। करीब दो घंटे तक राहत और बचाव अभियान चला। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एसी में चिंगारी या विस्फोट के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है। हादसे में घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बस चालक पवन और परिचालक योगेश को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यात्रियों ने चालक पर आग लगने के बाद तत्काल बस नहीं रोकने का आरोप भी लगाया है।













