देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चुनाव प्रक्रिया से छेड़छाड़ देश के साथ गद्दारी : प्रियंका गांधी

वोटर लिस्ट में नाम हटाने के आरोपों पर सीईसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वायनाड। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को वायनाड में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होनी चाहिए। प्रियंका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मिली कानूनी सुरक्षा पर भी सवाल उठाए और कथित गैरकानूनी कार्य साबित होने की स्थिति में उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की।

प्रियंका ने कहा कि लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के साथ छेड़छाड़ करना देश के साथ गद्दारी के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। उनके अनुसार, यदि मतदाता सूची में गैरकानूनी तरीके से बदलाव किया गया है तो इसे लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ गंभीर अपराध माना जाना चाहिए।

उनकी यह टिप्पणी उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। रिपोर्ट में मतदाता नाम जोड़ने, हटाने, चुनावी सॉफ्टवेयर और एसआईआर से संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर आपत्तियों का उल्लेख किया गया है।

हालांकि, चुनाव आयोग ने आंतरिक मतभेद की बात से इनकार किया है। आयोग के अनुसार एसआईआर और अन्य संबंधित फैसले पूर्ण आयोग ने सर्वसम्मति से लिए हैं तथा आयुक्तों की ओर से उठाए गए मुद्दे आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली का हिस्सा थे।

वायनाड में प्रियंका ने पश्चिमी घाट के इको-सेंसिटिव एरिया के प्रस्तावित क्षेत्र को लेकर भी चिंता जताई। केंद्र के जुलाई 2026 के मसौदे में पश्चिमी घाट के विभिन्न राज्यों में 56,825.7 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र के रूप में प्रस्तावित किया गया है। केरल सरकार ने आबादी और कृषि क्षेत्रों सहित कई गांवों को प्रस्तावित क्षेत्र से बाहर रखने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button