देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

साहिल वाकोडे मौत मामले में आईआईटी बॉम्बे ने मांगी माफी

जांच पूरी होने से पहले बयान जारी करना बताया गलत, क्राइम ब्रांच कर रही मामले की जांच

मुंबई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में संस्थान ने अपने पहले बयान को लेकर माफी मांगी है। आईआईटी बॉम्बे ने कहा कि घटना की परिस्थितियों की जांच अभी संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले छात्र की मौत से पहले की घटनाओं को लेकर कोई राय व्यक्त करना या जानकारी साझा करना उचित नहीं था।

संस्थान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने 21 सितंबर के पूर्व संदेश को दोबारा साझा करते हुए कहा कि उसमें कही गई बातों के लिए वह माफी मांगता है। आईआईटी ने स्पष्ट किया कि घटना से जुड़े तथ्य अभी जांच के दायरे में हैं और उन्हें उचित जांच प्रक्रिया से प्रमाणित किया जाना बाकी है।

साहिल की मौत के बाद छात्र संगठनों की ओर से कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किए गए थे। इसके बाद बुधवार को संस्थान में नियमित कक्षाएं फिर शुरू हो गईं। फिलहाल परिसर में किसी तरह के विरोध प्रदर्शन की जानकारी नहीं है और स्थिति सामान्य बताई गई है।

मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। मंगलवार को अधिकारियों ने साहिल के माता-पिता के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार उनसे आगे भी पूछताछ की जा सकती है। साहिल का आईफोन लॉक है, जिसे खोलने के लिए तकनीकी मदद ली जा रही है। फोन से चैट और अन्य डिजिटल जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभिन्न दावों की जांच करेगी।

पुलिस आईआईटी बॉम्बे के एससी-एसटी प्रकोष्ठ और छात्र परामर्श केंद्र से भी जानकारी मांगेगी कि साहिल ने वहां कभी कोई शिकायत दर्ज कराई थी या उसकी काउंसलिंग हुई थी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button