बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

गणेश विसर्जन घाटों का एसपी ने किया निरीक्षण

बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर में सुरक्षा, यातायात व भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सिंगरौली।  गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने गुरुवार को बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर क्षेत्र के प्रमुख विसर्जन स्थलों और घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विसर्जन मार्ग, घाटों की स्थिति, भीड़ नियंत्रण, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जल सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है। अधिक भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर कराया जाए। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में लोगों को जाने से रोका जाए तथा बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

विसर्जन जुलूसों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, आपातकालीन मार्ग खुले रखने और अनावश्यक वाहन भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार कराने तथा विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी। आमजन से अफवाह, भ्रामक संदेश, अपुष्ट वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी, सूबेदार आशीष तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देशन में जिलेभर में विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से गणेश विसर्जन के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस सहायता के लिए डायल-112 अथवा सिंगरौली पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर संपर्क किया जा सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button