ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन : अभिजीत दिपके
सीजेपी ने 26 सितंबर तक इस्तीफे की मांग की, मुंबई से आंदोलन शुरू कर देश के विभिन्न शहरों तक ले जाने का ऐलान

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार 26 सितंबर तक इस्तीफा नहीं देते हैं तो 2 अक्टूबर से मुंबई से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन को देश के अन्य शहरों तक ले जाने की बात कही गई है।
दिपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि गांधी जयंती के दिन मुंबई से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे में पद से इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था कि मांग पूरी नहीं होने पर देशभर में आंदोलन किया जाएगा।
दिपके ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में हो रहे बदलावों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं और इससे लोगों के मतदान के अधिकार पर असर पड़ रहा है। इन आरोपों के आधार पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर 14 बार आपत्ति दर्ज किए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट में मतदाता सूची और एसआईआर से जुड़े मामलों का भी उल्लेख है। वहीं, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि संस्थानों में विचार-विमर्श के दौरान मतभेद होना सामान्य है और आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
सीजेपी की ओर से अब 2 अक्टूबर से मुंबई में प्रस्तावित आंदोलन को देश के विभिन्न शहरों तक ले जाने की बात कही गई है। आंदोलन की आगे की रूपरेखा पार्टी की ओर से घोषित की जानी है।













