पूजा साहू बनीं एमपीपीएससी असिस्टेंट प्रोफेसर
नवोदय विद्यालय चुरहट की छात्रा ने समाजशास्त्र विषय में हासिल की सफलता, बैरदह और सिंगरौली का बढ़ाया गौरव

सिंगरौली। जिले के बैरदह क्षेत्र की बेटी पूजा साहू ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में समाजशास्त्र विषय में सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।पूजा साहू शुरू से ही मेहनती, लगनशील और प्रतिभावान छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक और स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, चुरहट से पूरी की। उनके पिता राजेंद्र प्रसाद साहू, बरगवां (सरई) ने बेटी की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार उनका उत्साहवर्धन और मार्गदर्शन किया।
टीसीएस में हुआ था कैंपस चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं को बनाया लक्ष्य
पूजा साहू ने वर्ष 2016 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उनका प्रतिष्ठित आईटी कंपनी टीसीएस में कैंपस चयन हुआ। हालांकि उन्होंने नौकरी ज्वाइन करने के बजाय आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को अपना लक्ष्य बनाया।
उन्होंने अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ तैयारी जारी रखी। लंबे प्रयास के बाद उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में समाजशास्त्र विषय से सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि को परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बताया जा रहा है।पूजा की सफलता से बैरदह सहित पूरे सिंगरौली जिले में खुशी है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।










